एलुरु (आंध्रप्रदेश)। ट्रामाडोल इंजेक्शन की अवैध बिक्री में शामिल पांच लोग अरेस्ट किए गए हैं। जंगारेड्डीगुडेम पुलिस ने 880 ट्रामाडोल इंजेक्शन जब्त किए हैं। पांचों आरोपियों को बिना बिल और डॉक्टरों के पर्चे के ट्रामाडोल इंजेक्शन बिक्री करने पर गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई एसपी के प्रताप शिव किशोर के निर्देशों पर की गई। एसडीपीओ ने शहर के कई चिकित्सा संस्थानों में की गई छापेमारी की निगरानी की। ट्रामडेक्स और ट्रामेक इंजेक्शनों की अवैध बिक्री की जांच के बाद ये गिरफ्तारियां हुईं।

पुलिस ने इससे पहले श्री लक्ष्मी श्रीनिवास मेडिकल एजेंसी के मालिक लक्ष्मण साई किशोर को गिरफ्तार किया था। उससे मिली जानकारी पर अन्य चिकित्सा एजेंसियों से भी पूछताछ की। गिरफ्तार किए लोगों में एलुरी सतीश, एलुरी दुर्गा प्रसाद, देवा राजशेखर उर्फ राजेश, तम्मिसेट्टी चिरंजीवी और माधवरापु शिवकृष्ण शामिल हैं। पुलिस ने 780 ट्रामाडेक्स और 100 ट्रामेक इंजेक्शन जब्त किए हैं।

इसके अलावा मोबाइल फोन और लेन-देन से जुड़े अन्य रिकॉर्ड भी जब्त किए। इस मामले ने विभाग में दवा नियंत्रण तंत्र को भी जांच के दायरे में ला दिया है। ड्रग इंस्पेक्टर का पद कथित तौर पर कई वर्षों से खाली पड़ा है। इससे फार्मेसियों और चिकित्सा एजेंसियों के नियमित निरीक्षण पर सवाल उठ रहे हैं।