मास्को। वेट लॉस की टेबलेट मॉलिक्यूल से किशोरों में स्वास्थ्य संकट पैदा हो गया है। इस साल की शुरुआत में रूस के टिकटॉक पर मॉलेक्यूल नाम की एक गोली तेजी से वायरल हो गई। युवाओं के फीड में मॉलेक्यूल लो और खाना भूल जाओ जैसे पोस्ट दिखने लगे। कुछ पोस्ट में लिखा होता था – क्या तुम क्लास में सबसे पीछे ओवरसाइज कपड़ों में बैठे रहना चाहते हो?

कई वीडियो क्लिप ऐसे थे, जिनमें फ्रिज दिखाई दे रहे थे और उनमें मॉलेक्यूल प्लस लिखे नीले डिब्बे रखे थे। इसके बाद इस दवा के ऑर्डर की बाढ़ आ गई। टीनएज बच्चे सोशल मीडिया पर अपनी वेट-लॉस जर्नी साझा करने लगे। 22 वर्षीय मारिया ने यह गोली एक पॉपुलर ऑनलाइन साइट से खरीदी थी। वह रोज दो गोलियां लेती थीं, लेकिन दो हफ्तों के भीतर उनका मुंह सूखने लगा और भूख पूरी तरह खत्म हो गई।

वह बताती हैं, मुझे खाने-पीने की इच्छा नहीं होती थी। मैं घबराई रहती थी। बार-बार होंठ काटती और गाल के अंदर के हिस्से को चबाती रहती थी। धीरे-धीरे मारिया को बेचैनी होने लगी और मन में नकारात्मक विचार आने लगे. वह कहती हैं। इन गोलियों ने मेरे दिमाग पर गहरा असर डाला। सेंट पीटर्सबर्ग की रहने वाली मारिया इस तरह के गंभीर साइड इफेक्ट्स के लिए तैयार नहीं थीं। दूसरे टिकटॉक यूजर्स ने भी पुतलियों का फैलना, कांपना और नींद न आने जैसे लक्षण बताए। इसके बाद कम से कम तीन स्कूली बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।