मुंबई। सिप्ला के ऑफिस और गोदाम पर दबिश का मामला सामने आया है। आयातित दवा में गोलमाल की बात कही जा रही है। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की मुंबई क्षेत्रीय इकाई ने यह कार्रवाई की। आयातित दवा के वर्गीकरण या छूट से जुड़े मामले में सिप्ला के खिलाफ कार्रवाई की है। डीआरआई ने कंपनी के विक्रोली स्थित कार्यालय और ठाणे के भिवंडी स्थित गोदाम की तलाशी ली है।
इस बात की जानकारी खुद कंपनी ने सेबी के सूचीबद्धता नियमों के नियमन 30 के तहत दे दी है। सिप्ला ने बताया कि यह तलाशी सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 105 के तहत ली गई।
कारोबार पर असर नहीं
दवा कंपनी ने कहा कि यह तलाशी आयातित दवा के तैयार उत्पाद के वर्गीकरण या छूट से संबंधित है। उसने तलाशी की कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। इस तलाशी से कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन, परिचालन या अन्य गतिविधियों पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव नहीं पड़ा है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
जुलाई-सितंबर तिमाही में सिप्ला का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 35% घटकर ₹878 करोड़ रह गया। इस गिरावट की वजह अदर इनकम में कमी और खर्चों में बढ़ोतरी रही। इस तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू एक साल पहले के मुकाबले 2.4% गिरकर ₹7,404 करोड़ रहा।
वहीं ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमोर्टाइजेशन से पहले की कमाई (EBITDA) सालाना आधार पर 26.7% घटकर ₹1,388 करोड़ रह गई, जो पिछले साल की इसी तिमाही में ₹1,894.75 करोड़ थी।





