भोपाल (मध्यप्रदेश)। प्रतिबंधित पाकिस्तानी फेयरनेस क्रीम की बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तान के साथ व्यापार बंद है। केंद्र सरकार ने पाकिस्तानी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद पाक में बनी कथित गोरा बनाने की क्रीम यहां दवा दुकानों में बिक रही है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने इब्राहिमपुरा इलाके में रेड की। मारवाड़ी रोड स्थित न्यू पूनम मेडिकल स्टोर पर पाकिस्तान में बनी गोरी क्रीम की एक डिबिया पकड़ी है।
यह है मामला
औषधि विभाग की टीम ने यूनानी दवाओं के स्टोर पर रेड की। यहां से प्रतिबंधित गोरी ब्यूटी क्रीम की एक डिब्बी मिली है। ड्रग इंस्पेक्टर मनीषा रायखीरे ने बताया कि शिकायत मिलने पर स्टोर पर दबिश दी थी। यहां से जो क्रीम मिली है, उसे टीम ने 360 रुपये में खरीदा था। दुकानदार ने विदेशी प्रोडक्ट बेचने के लिए केंद्र सरकार से कोई अनुमति नहीं ली थी।
कॉस्मेटिक कारोबारी जगदीश साहू ने बताया कि कुछ महीने पहले यह क्रीम बाजार में खूब बिक रही थी। खासकर मुस्लिम समाज की महिलाओं में इसकी मांग अधिक थी। इस पर प्रतिबंध के बाद भी अधिकतर दुकानों में यह बिक रही है। सामान्य दुकानों पर एक भारतीय कंपनी की पंचवटी नाम वाली ऐसी ही दूसरी क्रीम उपलब्ध है। लोग उसी को विकल्प के तौर पर खरीद रहे हैं। कुछ लोग अब भी चोरी छिपे इसे बेच रहे हैं।
गोरी नाम वाली यह क्रीम बाजारों में 380 से 800 रुपये में बिक रही है। कई दुकानदार इसे चाइना क्रीम या कोरियन क्रीम के नाम से भी बेच रहे हैं। ऑनलाइन प्लेटफार्म पर भी यह आसानी से मिल रही है।
लैब जांच में मिला था 5000 पीपीएम पारा
दरअसल, लैब जांच में इस क्रीम में पारा और सीसा जैसे जहरीले भारी धातु पाए गए हैं। जांच में 5000 पीपीएम पारा मिला है। मानक के अनुसार यह एक पीपीएम से भी कम होना चाहिए। इससे चेहरा गोरा नहीं, बीमार हो रहा है।





