पीलीभीत (उप्र)। दर्द की दवा डाइक्लोफेनिक समेत तीन दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। जिला अस्पताल से लिए गए 10 दवाओं के सैंपल में तीन दवाओं के सैंपल फेल हुए है। रिपोर्ट आने पर औषधि निरीक्षक ने कोर्ट में केस दायर करवाया है।

यह है मामला

औषधि निरीक्षक नेहा वैश्य ने जिला अस्पताल के दवा वितरण केंद्र से 10 दवाओं के सैंपल लिए थे। लैब भेजने के बाद तीन दवाएं अधोमानक मिली है। इनमें डाइक्लोफेनिक, आइब्रोफेन और कैल्शियम थ्री-डी टेबलेट शामिल हैं।

डाइक्लोफेनिक टेबलेट दर्द राहत की दवा है। जबकि आइब्रोफेन नानस्टेराइडल एंटी-इंफ्लेमेटरी दवा है। यह हल्के से मध्यम दर्द और सूजन का इलाज करती है। इसी तरह कैल्शियम थ्री-डी टेबलेट कैल्शियम की कमी को पूरा करने में काम करती है। अस्पताल में भी अधिकतर डाक्टर दर्द में डाइक्लोफेनिक और आइब्रोफेन लिखते हैं।

रिपोर्ट में इन दवाओं में जो फार्मूला प्रयोग हुआ है, वह मानक के अनुरुप नहीं पाया गया। इसके अलवा घुलनशील आदि की समस्या सामने आई है। औषधि निरीक्षक ने सप्लाई करने वाली फर्म के खिलाफ कार्रवाई के लिए तैयारी की है। इसमें कैल्शियम थ्री-डी टेबलेट बनाने वाली फर्म के खिलाफ कोर्ट में केस दायर कराया है। जबकि डाइक्लोफेनिक और आइब्रोफेन की विवेचना की जा रही है।

पिछले माह जिला कारागार से 16 दवाओं के सैंपल लिया। इनमें एक दवा फेल हुई है। जिन दवाओं के सैंपल फेल हो रहे है, उन कंपनियों के विरूद्ध कार्रवाई के लिए पत्र भेजे जा रहे हैं। नवंबर माह में 30 से अधिक निरीक्षण किए गए। इनमें हसन, जावेद, एमएफ, शिफा, आशिक मेडिकल स्टोर पूरनपुर के दवाओं के सैंपल लेकर जांच को भेजे। इनमें सात दवाओं के सैंपल फेल हो गए। इस पर पांच मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इसके अलावा अन्य दो मेडिकल संचालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।