मोगा (पंजाब)। मेडिकल स्टोर पर छापेमारी में संदिग्ध दवाइयां मिली हैं। इन दवाओं को टीम ने जब्त कर लिया है। नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें कार्रवाई में जुटी हंै।
इसी कड़ी में ड्रग इंस्पेक्टर रवि गुप्ता की टीम ने निहाल सिंह वाला में मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। एक मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में संदिग्ध दवाइयां बरामद हुईं। टीम ने स्टोर संचालक से इन दवाइयों की खरीद-बिक्री के बिल व दस्तावेज मांग। संचालक कोई रिकॉर्ड पेश नहीं कर सका। टीम ने संदिग्ध दवाइयों को तुरंत प्रभाव से जब्त कर लिया।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी
टीम ने मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। जब्त दवाइयों को अदालत में पेश किया जाएगा। नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।





