महराजगंज। नशीली दवा तस्करी में शामिल तीन तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। श्यामदेउरवा पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल व टैबलेट बरामद की हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपितों को जेल भेज दिया गया।
यह है मामला
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मुखबिर से नशीली दवा तस्करी की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने ग्राम श्यामदेउरवा स्टेडियम के पास से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से 26 पैकेट ट्रैमालैब कैप्सूल के 6240 कैप्सूल, 73 पैकेट एलजोमैक टैबलेट की 43800 गोलियां व अल्ट्रापार नियो टैबलेट के 25 बॉक्स में 3750 गोलियां बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामसमुश केवट, नवीन कुमार गौतम व संदीप कुमार के रूप में हुई है। तीनों पिछले करीब तीन माह से तस्करी के धंधे में सक्रिय थे। किराये की गाडिय़ों का इस्तेमाल कर नशीली दवाएं विभिन्न स्थानों तक पहुंचाते थे। तीनों गोरखपुर में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में भी काम कर चुके हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।










