अलवर (राजस्थान)। कैप्सूल से भरा ट्रक रास्ते से गायब होने का खुलासा हो गया है। पुलिस ने महज 12 घंटे में उसे बरामद कर लिया। ट्रक में दवाओं की 182 पेटियां लदी थीं। इनकी कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई है। ट्रक अलवर से हरियाणा के लिए रवाना हुआ था। निर्धारित जगह पर पहुंचने से पहले ही गायब हो गया। बाद में पुलिस ने उसे जंगल के एक सुनसान इलाके में छिपा हुआ बरामद किया। मामला अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र का है।

यह है मामला

सुनिल हेल्थ केयर कैप्सूल फैक्ट्री से करीब 35 लाख की 182 पेटियां ट्रक में लोड की गई थीं। यह ट्रक ट्रांसपोर्टर अजय यादव का था। दवाओं की इस खेप को हरियाणा के महीपालपुर भेजा जाना था। ट्रक में लदी दवाओं की खेप विभिन्न दवा निर्माता कंपनियों को सप्लाई की जानी थी। इसे चालक रोहिताश लेकर हरियाणा के लिए रवाना हुआ था। ट्रक निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा। रास्ते में ही ट्रक के गायब होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। ट्रक गायब होने की शिकायत अरावली विहार थाने में दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ट्रक की तलाश शुरू की। टीम ने करीब 12 घंटे के भीतर ट्रक को बरामद कर लिया।

पुलिस के मुताबिक ट्रक को जंगल में एक सुनसान जगह पर छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने ट्रक के साथ उसमें लदा दवाओं का पूरा माल भी बरामद कर लिया। बरामद ट्रक में करीब 35 लाख रुपये कीमत की दवाएं थीं। इसमें 182 पेटियों में कुल 294.50 लाख कैप्सूल लदे हुए थे। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक को रास्ते में क्यों गायब किया गया। वाहन मालिक अजय यादव और ट्रक चालक रोहिताश की तलाश की जा रही है। अरावली विहार थाना पुलिस ने ट्रक को बरामद कर लिया है। इस पूरे मामले में अभी जांच जारी है।