कुरुक्षेत्र। पिछले साल जेल कॉम्प्लेक्स निवासी व एक जेल अधिकारी की पत्नी से आयुर्वेद दवा की फैक्ट्री खुलवाने का झांसा देकर 45 लाख रुपए हड़पने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को जम्मू से ढूंढ निकाला। आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर कुरुक्षेत्र लेकर आई है। जेल अफसर संजय सिंह की पत्नी शशि पत्नी ने बताया कि 18 अक्टूबर 2019 को प्रियंका मित्तल किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से उसके पति से मिली थी। दरअसल प्रियंका ने बताया था कि उसका पति दुबई में नौकरी करता है।
वह आयुर्वेदिक दवा फैक्ट्री का विस्तार करना चाहती है। उसे कहा कि वह उनके साथ दवा फैक्ट्री खोल ले। वह भी उनकी बातों में आ गई। शशि के मुताबिक प्रियंका, अतुल कुमार, पूनम जैन सुप्रिया जैन, जय, दिनेश गर्ग, समरप्रीत सिंह ने उसे फैक्टरी खुलवाने का झांसा दिया। विश्वास करते हुए 45 लाख रुपए दे दिए। दरअसल लालच दिया कि वह एप्पल कंपनी का कोई भी प्रोडक्ट 60 से 70 प्रतिशत डिस्काउंट पर दिलवा सकती है। उसकी पहचान इस कंपनी के एग्जिक्यूटिव अधिकारी टिम कुक से है।
किसी रिश्तेदार या दोस्त को इस कंपनी का कोई प्रोडक्ट चाहिए तो उसके खाते में रुपए जमा करवा दें। 1 से 2 सप्ताह में एप्पल प्रोड्क्टस मिल जाएंगे। उनसे कहा कि उसकी बद्दी हिमाचल प्रदेश में आयुर्वेदिक और जेनरिक दवा बनाने की फैक्ट्री है। वह चैरिटी का काम करती है। आयुर्वेदिक दवा चैरिटी के रूप में एप्पल मोबाइल कंपनी को भी सप्लाई करती है। उससे सीएसआर फंड के लिए दवा देते हैं। इस मोबाइल कंपनी में बहुत उंचे स्तर तक जान पहचान है।