बंगलूरू। ग्रामीण जिले के होसाकोटे मेें स्थित एक प्राइवेट अस्पताल के परिसर में रखे डस्टबिन में एक कन्या भ्रूण मिला है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस अस्पताल को सील कर अस्पताल के 4 कर्मचारियों को अरेस्ट कर लिया है। चारों आरोपी महिला कर्मचारी हैं। यह अस्पताल होसकोटे तालुक के तिरुमालाशेट्टीहल्ली में स्थित है। पुलिस ने अस्पताल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

चारों आरोपी महिला नर्सें हैं

पुलिस हिरासत में ली गई चारों आरोपी महिला नर्सें हैं। इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों की एक टीम ने नियमित निरीक्षण के तहत जिले के कई अस्पतालों में जाकर जांच की थी। जांच के दौरान होसकोटे के अस्पताल में टीम को 14 से 16 माह का कन्या भ्रूण मिला। मौके पर ही ऑपरेशन थियेटर में एक महिला भी लेटी हुई मिली। माना गया कि कूड़ेदान में फेंका गया भ्रूण उसी का है।

अस्पताल संचालक फरार

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर आकर अस्पताल को सील कर दिया है। स्वास्थ्य आयुक्त रणदीप डी ने कहा कि यह कर्नाटक में कन्या भ्रूण हत्या का पहला मामला दर्ज किया गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों के निरीक्षण, सबूतों और उचित रिकॉर्ड नहीं होने के कारण अस्पताल को सील कर दिया है। उधर, गिरफ्तारी के डर से अस्पताल संचालक फरार चल रहा है। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है।

कन्या भ्रूण हत्या रैकेट का किया था भंडाफोड़

बता दें कि पुलिस ने इसी महीने लिंग निर्धारण और कन्या भ्रूण हत्या रैकेट का भंडाफोड़ किया था। इसके बाद कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग ने जिला स्वास्थ्य अधिकारियों को ऐसे अस्पतालों को सील करने के आदेश दिए थे।