विजयवाड़ा (अप्र)। ड्रग इंस्पेक्टर को भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते सस्पेंड किया गया है। काकीनाडा शहरी औषधि निरीक्षक शेख परवीन सुल्ताना के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। इन पर संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री वाई सत्य कुमार यादव ने औषधि निरीक्षक को निलंबित करने का निर्देश दिया।
यह है मामला
स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव को कई दवा दुकान मालिकों से शिकायतें मिली थी। इसके बाद संबंधित औषधि निरीक्षक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया। दुकान मालिकों ने आरोप लगाया कि अधिकारी उनसे नियमित भुगतान की मांग कर रही थीं। अधिकारी ने उन्हें धमकी दी थी कि अगर वे उनकी मांगें पूरी नहीं करेंगे तो वह निरीक्षण करेंगी। उनके खिलाफ मामले दर्ज भी करेंगी।
इस संबंध में, स्वास्थ्य मंत्री ने औषधि अधिकारियों को संबंधित अधिकारी को निलंबित करने का निर्देश दिया। उन्हें मामले की व्यापक जांच करने के लिए कहा। यादव ने कहा कि सरकार किसी भी रूप में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेगी। चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










