मुंबई। शताब्दी हॉस्पिटल में नशे में धुत्त एक महिला ने डॉक्टर की पिटाई कर डाली। मारपीट से नाराज हॉस्पिटल के डॉक्टर्स और नर्स हड़ताल पर चले गए। जानकारी अनुसार बुधवार देर रात मुंबई के बांगुर नगर पुलिस स्टेशन से शराब के नशे में धुत एक महिला को जांच के लिए शताब्दी अस्पताल लाया गया था। जहां उसने अस्पताल के एक डाक्टर के साथ न सिर्फ बदसलूकी की बल्कि उसके साथ जमकर मारपीट भी की। यही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे डॉक्टर्स पर भी उसने हमला किया। इस हमले में अस्पताल में तैनात गाड्र्स को भी गंभीर चोटें आईं हैं। घायलों का इलाज शताब्दी अस्पताल में ही चल रहा है। डाक्टरों व नर्सों के हड़ताल पर चले जाने से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी शताब्दी अस्पताल में मारपीट की कई बार घटनाएं सामने आ चुकी हैं।