लखीमपुर-खीरी। रजिस्ट्रेशन के बगैर संचालित किए जा रहे हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है। अस्पताल में डॉक्टर के बिना ही मरीज भर्ती पाए गए। महिला मरीजों को सीएचसी में भर्ती करा दिया गया, जबकि एक महिला को गंभीर हालत के कारण जिला अस्पताल भिजवाया गया है।

यह है मामला

डिप्टी सीएमओ लाल पासी ने लखीमपुर रोड पर स्थित शिव हॉस्पिटल का बुधवार को निरीक्षण किया। इस दौरान सीएचसी की प्रभारी अधीक्षक डॉ. यामिनी बादल, डॉ अजय वर्मा और डॉ. अशोक बिहारी भी उनके साथ रहे। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कोई डॉक्टर नहीं मिला। मौजूद स्टाफ इस बारे में कोई सही जानकारी नहीं दे पाया। हैरानी की बात यह है कि मौके पर आठ महिलाएं भर्ती मिली। इनमें सात प्रसूताएं थी और आठवीं महिला के यूट्रस का ऑपरेशन किया गया है।

महिला मरीजों को सीएचसी में भर्ती कराया

टीम ने स्टाफ से अस्पताल के रजिस्ट्रेशन संबंधी दस्तावेज मांगे। कोई भी दस्तावेज न दिखा पाने पर अस्पताल को सील कर दिया गया। सभी महिला मरीजों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। एक महिला को गंभीर हालत के कारण एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवा दिया गया।

डिप्टी सीएमओ ने ने बताया कि शिव अस्पताल की कई बार शिकायत मिल चुकी थी। अस्पताल का रजिस्ट्रेशन दो महीने पहले समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद अस्पताल में कई मरीजों का ऑपरेशन किया गया था। इस कारण अस्पताल को सील कर दिया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही शहर के सभी अवैध अस्पतालों का निरीक्षण कर उन्हें सील किया जाएगा।