फरीदाबाद। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए नकली सेनेटाइजर बनाने वाले भी सक्रिय हो गए हैं। जिला औषधि नियंत्रण विभाग ने ओल्ड प्रेस कॉलोनी में एक सरकारी मकान में छापा मारकर एक फैक्ट्री पकड़ी है। यहां नकली सेनेटाइजर बनाए जा रहे थे। इन्होंने विभाग के पास से सेनेटाइजर बनाने के लिए लाइसेंस भी नहीं ले रखा था। विभाग ने मौके से 22 पेटी नकली सेनेटाइजर जब्त कर फैक्ट्री को सील कर दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पहचान सेक्टर-22 निवासी सुखदेव सिंह के रूप में हुई है। जिला औषधि नियंत्रक करण सिंह गोदारा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि ओल्ड प्रेस कॉलोनी स्थित सरकारी मकान में नकली सेनिटाइजर बनाए जा रहे हैं। करन सिंह गोदारा के अनुसार आरोपी को मुजेसर थाने ने ड्रग एक्ट 1940 के तहत गिरफ्तार कर लिया है।