नई दिल्ली। स्ट्राबेरी का सेवन आंत को दुरुस्त और बीमारियों से दूर रखने में सहायक पाया गया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि रोजाना करीब एक चौथाई कप स्ट्राबेरी खाने से ना सिर्फ कोलोन सूजन से बचाव हो सकेगा, बल्कि आंत की सेहत भी बेहतर हो सकती है। अमेरिका की मैसाच्युसेट्स एमहस्र्ट यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता हैंग शिओ ने कहा कि कई लोगों में सुस्त जीवनशैली और खानपान की आदत से सूजन और आंत रोग का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे लोग उच्च शुगर, उच्च एनिमल फैट और निम्न फाइबर युक्त आहार का सेवन करते हैं। ये लोग सूजन संबंधी आंत रोग (आइबीडी) के कगार पर रहते हैं। आइबीडी के चलते कोलोन कैंसर का खतरा उच्च रहता है। ऐसे लोग फल और सब्जियों का सेवन कर आइबीडी के खतरे को कम कर सकते हैं। मैसाच्युसेट्स के एक अन्य शोधकर्ता यानहुई हान के अनुसार, आंत में सूजन को कम करने में स्ट्राबेरी को प्रभावी पाया गया है।