सहरसा (बिहार)। मकान पर रेड कर 1280 बोतल सिरप बरामद की गई हैं। सदर थाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। नया बाजार बाईपास के पास से सिरप समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह है मामला

सदर थाना की टीओपी-02 पुलिस टीम रात्रि गश्ती पर थी। तभी उन्हें सूचना मिली कि पासवान टोला में नशीली सिरप छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घर की तलाशी ली। पलंग के नीचे रखे गए 8 कार्टन बरामद हुए। हर कार्टन में 160 पीस कफ सिरप था। इससे कुल मिलाकर 1280 पीस यानी 128 लीटर कफ सिरप बरामद हुआ।

पुलिस ने दो आरोपियों को मौके से दबोचा है। इनकी पहचान तपस्वी उर्फ बाबुल कुमार और नंद कुमार झा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी नया बाजार पासवान टोला के ही रहने वाले हैं। सदर थाना में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।