पटना (बिहार)। नशीली दवा और इंजेक्शन के साथ तीन तस्कर अरेस्ट किए गए हैं। तीनों तस्कर पेट्रोल पंप के पास बिक्री के लिए प्रतिबंधित दवा रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली। अगम कुआं इलाके के बाईपास एनआरएल पेट्रोल पंप पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने संदेह के आधार पर इन तीनों की तलाशी ली। तलाशी में उनके पास से प्रतिबंधित दवा बरामद की गई। ये दवाएं अमूमन नशे के लिए इस्तेमाल की जाती हंै।
पूछताछ में तीनों ने बताया कि राम कृष्ण नगर के जकरियापुर में स्टोर में और प्रतिबंधित दवा रखी गई है। इनकी निशानदेही पर गोदाम पर छापेमारी की। मौके से तकरीबन 20 लाख की दवा बरामद की गई है।
आरोपियों के पास से Alprazolam की 10800 टैबलेट, Lecgesic इंजेक्शन 60 पीस, Silent इंजेक्शन 52 पीस, Talgesic इंजेक्शन 59 पीस, Rainkout इंजेक्शन 10 पीस बरामद की गई है। Zepine इंजेक्शन 130 पीस, Unlabelled Ampules इंजेक्शन 90 पीस, Avil इंजेक्शन 10600 पीस, Fenargan इंजेक्शन 330 पीस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
तस्करों ने बताया है कि पार्सल के जरिए दूसरे राज्यों से प्रतिबंधित दवा मंगा रहे थे। हालांकि स्पष्ट तौर पर राज्य का नाम नहीं बताया है। ना ही मुख्य सरगना के बारे में पता चला है। पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि तीनों तस्करों को रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ की जाएगी।










