नई दिल्ली। कैंसर-मधुमेह समेत 39 दवाएं सस्ती हो गई हैं। इससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने नई दवाओं के दाम तय किए हैं। अब पूरे देश में ये दवाएं एक ही कीमत पर मिलेंगी। कोई भी कंपनी तय दाम से ज्यादा पैसे नहीं ले पाएगी।
लोगों को होगा फायदा
इस नए आदेश से करोड़ों लोगों को फायदा होगा। सरकार ने आम और गंभीर दोनों बीमारियों की दवाओं के दाम घटाए हैं। इसमें ब्लड प्रेशर, शुगर की दवाएं भी सस्ती की गई हैं। इसके अलावा दिल की बीमारी, इन्फेक्शन, मिर्गी और आंखों की दवाओं के रेट तय हुए हैं। दर्द, एचआईवी और कैंसर की दवाएं भी अब बेहद कम कीमत पर मिलेंगी।
मनमानी कीमत वसूलने पर सख्त एक्शन
सरकार ने कंपनियों को कड़ा संदेश दिया है। कोई भी मेडिकल स्टोर या कंपनी इन दवाओं को तय रेट से महंगा नहीं बेच सकती है। अगर किसी ने भी मरीजों से ज्यादा पैसे वसूले, तो खैर नहीं होगी। सरकार उस दुकानदार या कंपनी पर सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। ज्यादा वसूली गई पूरी रकम ब्याज के साथ वापस ली जाएगी।
कौन सी दवा अब कितने में मिलेगी?
1. बीपी की एम्लोडिपिन, टेल्मिसार्टन और मेटोप्रोलोल सक्सिनेट कॉम्बिनेशन टैबलेट अब सिर्फ 12.03 रुपये में मिलेगी।
2. इन्फेक्शन के इलाज की अमॉक्सिसिलिन और पोटैशियम क्लैवुलानेट टैबलेट 19.53 रुपये और 27.31 रुपये होगी।
3. एचआईवी के इलाज की डारुनाविर, रिटोनाविर और डोल्यूटेग्राविर किट अब 330.40 रुपये में मिलेगी।
4. दिल के रोग का टेनेक्टेप्लेस 50 मिग्रा का इंजेक्शन अब 60,238.27 रुपये में मिलेगा।
5. एस्पिरिन और मेटफॉर्मिन जैसी कई अन्य जरूरी दवाओं के अधिकतम रेट भी फिक्स कर दिए गए हैं।










