पटना (बिहार)। प्रतिबंधित दवा और कफ सीरप की तस्करी में 5 तस्कर गिरफ्तार किए हैं। सीडीए कॉलोनी में छापेमारी कर करीब 70 लाख रुपये मूल्य की कफ सीरप और नशीली दवाएं जब्त की गईं। यह नवंबर माह में पकड़ी गई दूसरी बड़ी खेप है। इससे पहले चौक थाना क्षेत्र से 16 हजार प्रतिबंधित कफ सीरप पकड़ी गई थी।
इस बात की पुष्टि हुई है कि इन दवाओं को नेपाल और बांग्लादेश भेजने की कोशिश की जा रही थी। औषधि नियंत्रण विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश से यह कोडिन कफ सीरप आई थी।
यह है मामला
डीआई डॉ. अमल कुमार के अनुसार शास्त्रीनगर स्थित सुमन सिंह के मकान पर छापेमारी की गई। यहां से एक पिकअप वैन पर प्रतिबंधित कफ सीरप लादी जा रही थी। छापेमारी टीम को देखते ही पांच युवक घर के अंदर घुस गए। पुलिस की सहायता से सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने रौशन कुमार, रिशु कुमार, अमन कुमार और अमन राज तथा बादल कुमार को गिरफ्तार किया है। करीब 35 हजार सीरप तथा 7,200 नाइट्राजीपाम टैबलेट्स जब्त की है। इनकी कुल कीमत लगभग 70 लाख रुपये बताई गई है।
जांच में कफ सीरप में कोडिन फास्फेट की मात्रा कई गुना अधिक पाई गई। इससे स्पष्ट है कि इसे नशे के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा था। इसके अलावा दवा भंडारण के लिए कोई लाइसेंस भी नहीं लिया गया था। छापेमारी में औषधि निरीक्षक पंकज कुमार और यशवंत कुमार भी शामिल रहे। विभाग इस पूरे नेटवर्क की कड़ी जोडऩे में आगे बढ़ रहा है।










