पटना (बिहार)। प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप के साथ 6 कारोबारी गिरफ्तार किए हैं। मालसलामी पुलिस ने पटना सिटी की छोटी नगला आदर्श कॉलोनी में यह कार्रवाई की। जब्त कफ सिरप की कीमत 80 लाख आंकी गई है। आरोपियों में मुकेश कुमार, गुड्डू कुमार उर्फ डूड्डू, सूर्य प्रकाश उर्फ गन्नी, मो. सागिर, मो. रहीम और मिथिलेश कुमार शामिल हैं।

यह है मामला

डीएसपी डॉ. गौरव कुमार ने कहा कि पांच पिकअप वैन और एक टाटा 407 को रोककर तलाशी ली गई। इनमें 289 कार्टन यानी 4485 लीटर सिरप लोड कर रखा था। कार्टन पर मिर्च और तेजपत्ता रख दिया था। कफ सिरप की यह खेप हिमाचल से आई थी और कटिहार भेजी जा रही थी। पुलिस ने कटिहार के धंधेबाज के नाम-पते का सत्यापन किया है। उसकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।

गिरोह के अन्य धंधेबाजों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। जब्त कफ सिरप हिमाचल की दो दवा कंपनियों की है। इसकी जांच की जा रही है कि नशे के धंधेबाजों को कफ सिरप कैसे दिया गया। पुलिस दोनों कंपनियों को नोटिस भेजकर पूछताछ करेगी। इसके अलावा इस गिरोह में शामिल छह लोगों के नाम पुलिस को मिले हैं।

इस गिरोह के सरगना मुकेश और सूर्य प्रकाश उर्फ गिन्नी हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज हंै। पुलिस इन दोनों मामलों को भी खंगाल रही है। मुकेश और गिन्नी ने नशीली दवाओं का कारोबार करने वाला बड़ा नेटवर्क स्थापित किया है। गिरोह के तार कई राज्यों के साथ-साथ नेपाल तक फैले हैं। मुकेश ने स्वीकार किया कि वह पटना से कई जिलों और नेपाल में कफ सिरप भेजता है।