सिरोंज (मप्र)। मेडिकल स्टोर पर रेड कर 7 कार्टून नशीली दवाइयां जब्त की हैं। दवा दुकान को सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई ड्रग विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से की। यह स्टोर कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजीव जैन का बताया गया है।

यह है मामला

ड्रग विभाग और पुलिस ने मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। यहां से बड़ी मात्रा में नशे की दवाइयां जब्त की हैं। 7 कार्टून में इन दवाइयों को जब्त कर मेडिकल स्टोर सील कर दिया है। ड्रग इंस्पेक्टर जॉन प्रवीण कुजूर पुलिस टीम के साथ ढाल बाजार स्थित श्रद्धा मेडिकल स्टोर पहुंचे। वे जैसे ही दुकान में घुसे तो मौजूद युवक ने उन्हें दूसरे कमरे में जाने से रोक दिया।

टीआई विमलेश राय ने युवक को एक तरफ रहने का इशारा कर ड्रग इंस्पेक्टर को भीतर भेजा। यहीं से ड्रग इंस्पेक्टर को बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां मिलीं। इनमें एविल इंजेक्शन, स्पेमो प्रोक्सीवोन, कैप्सूल अल्पराजॉलम और कोडीन सायरप प्रमुख हैं। दुकान में मौजूद राजीव जैन से दवाइयों की खरीदी और बिक्री संबंधी जानकारी ली तो वे इसे नहीं दे सके। ड्रग इंस्पेक्टर ने जब्त दवाइयों को 7 कार्टून में पैक कर दुकान को सील कर दिया।

ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि काफी दिनों से ढाल बाजार पर नशीली दवाइयां बेचने की जानकारी मिल रही थी। श्रद्धा मेडिकल स्टोर के पास होलसेल का लाइसेंस है। लेकिन ये रीटेल में दवाइयां बेचते हैं। ये दवाइयां बिना डॉक्टर के पर्चे के नहीं दे सकते। एक सप्ताह में हमने इनसे समुचित जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध करवाने को कहा है। इसके बाद लाइसेंस निरस्त करने और कानूनी कार्रवाई करेंगे।