आगरा। फोराकोर्ट इन्हेलर के 8 हजार प्रिंटेड लेबल जब्त करने का मामला प्रकाश में आया है। औषधि विभाग ने छापे में घर से अस्थमा के मरीजों में इस्तेमाल होने वाले इन्हेलर के लेबल जब्त किए। छापे के दौरान बंद मिलने पर दो गोदाम सील किए हैं।

तनु मेडिकल एजेंसी पर सैंपल की दवाएं मिलने पर सैंपल लिए गए हैं। सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय ने बताया कि पांच दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। मुखबिर की सूचना पर टीम ने हींग की मंडी में स्थित जुबैर के घर पर छापा मारा। एक कमरे से सिप्ला कंपनी के फोराकोर्ट इन्हेलर के आठ हजार प्रिंटेड लेबल जब्त किए। जुबैर घर पर नहीं मिला। उसके स्वजनों ने भी कोई जानकारी नहीं दी।

वहीं, माहेश्वरी काम्प्लेस स्थित कमला मार्केट में दुकानों के बाहर बने गलियारे में लावारिस छह कार्टन रखे मिले। इसमें से एक कार्टन में पेट दर्द की दवा के 160 बॉक्स मिले हैं। इसके साथ ही पांच कार्टन में कई कंपनियों की सैंपल की दवाएं मिलीं। इन्हें जब्त कर लिया है।

छापे के दौरान दो गोदाम बंद मिले इन्हें सील कर दिया गया है। वहीं, टीम ने विश्वनाथ फार्मा की जांच की। जांच में फर्म से की जा रही औषधि बिक्री से अधिक 7.40 लाख कैश मिला। फर्म की खरीद और बिक्री की जांच की जाएगी। वहीं, भगवती ड्रग सेंटर में स्टॉक और लेजर के रिकार्ड में अंतर मिला है। इन्हें नोटिस दिया गया है।