संगरूर (पंजाब)। सिर पर बाल उगाने की दवा लगवाने से आंखों में संक्रमण फैल जाने का मामला सामने आया है। यहां गंजेपन का इलाज कराने आए सैकड़ों लोगों की आंखों में गंभीर संक्रमण हो गया। सिविल अस्पताल में आए पीडि़त मरीजों की संख्या 65 से पार हो गई है।

यह है मामला

काली देवी मंदिर में आयोजित एक कैंप में लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। गंजे सिर पर बाल उगाने की दवा के इस्तेमाल से मरीजों की आंखों में जलन, सूजन और संक्रमण की शिकायतें शुरू हो गईं। अब पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं।

मरीजों का कहना है कि दवा लगाने के कुछ समय बाद उनकी आंखों में जलन शुरू हो गई और सूजन की समस्या भी हुई। हालत बिगडऩे पर कई लोग सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।

सिविल सर्जन संजय कामरा ने बताया कि जानकारी मिली है कि सिविल अस्पताल में आंखों की जलन और संक्रमण के मरीजों की संख्या 65 से अधिक हो गई है। सभी मरीजों में सूजन और जलन की शिकायत है, जो संभवत: कैंप में लगाई गई दवा के कारण हुई है। हमने मरीजों का इलाज शुरू कर दिया है।

इस मामले में डीएसपी सुनाम संजीव गोयल ने कहा कि हमें इस घटना की जानकारी मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। कैंप आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बिना अनुमति के ऐसा आयोजन करना गंभीर मामला है।