नई दिल्ली। नकली कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ हुआ है। यहां नामी ब्रांड के स्टीकर और लेबल लगाकर नकली दवाइयां व सौंदर्य प्रसाधन तैयार किए जा रहे थे। पुलिस ने भारी मात्रा में तैयार नकली दवाइयां, कॉस्मेटिक उत्पाद और कच्चा माल बरामद किया है। पुलिस ने इस गिरोह के साथ-साथ उसकी सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की भी तलाश शुरू कर दी है।
यह है मामला
पुलिस को बाजार में कुछ दवाइयों और सौंदर्य प्रसाधनों के नकली होने की सूचनाएं मिल रही थीं। इन इनपुट्स के आधार पर एक टीम का गठन कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी श्रीराम और गौरव भगत को पहले ही गिरफ्तार किया था। ये नकली माल की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क से जुड़े पाए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी श्रीराम ने प्रमोद कुमार गुप्ता की संलिप्तता का खुलासा किया। वह नकली बेटनोवेट-सी मरहम की आपूर्ति कर रहा था। साथ ही अवैध निर्माण इकाई भी चला रहा था।
पुलिस ने प्रमोद कुमार गुप्ता को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने दिल्ली के बिजवासन गांव में स्थित अपनी अवैध फैक्टरी के बारे में बताया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक फार्महाउस में चल रही निर्माण इकाई पर छापेमारी की। यह फैक्टरी किराए पर लिए गए परिसर से संचालित हो रही थी। यहां नकली दवाइयों और कॉस्मेटिक उत्पादों का बड़े पैमाने पर उत्पादन किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंचकर परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। जांच के लिए आवश्यक नमूने एकत्र किए। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में कच्चा माल, तैयार उत्पाद, पैकेजिंग सामग्री और उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद कीं। बरामद फेयर एंड लवली और वीट कॉस्मेटिक क्रीम नकली मिली हैं। टीम नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।










