बस्ती (उप्र)। कोडीनयुक्त सिरप मामले में बोगस फर्म गणपति फार्मा का मालिक अरेस्ट किया है। गणपति फार्मा के नाम से बोगस फर्म बनाई गई थी। इसके नाम से 1.72 लाख शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप खपा दी गई। आरोपी पंकज कुमार को पुलिस टीम ने रोडवेज बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला है कि पंकज मूल रूप से वाराणसी का रहने वाला है।

एएसपी श्यामकांत ने बताया कि अरोपी पंकज ने बस्ती में फर्जी पते की आईडी पर दवा एजेंसी का पंजीकरण कराया था। वह कोडीनयुक्त सिरप की बड़े पैमाने पर सप्लाई कर रहा था। उसके नाम से पंजीकृत फर्म गणपति फार्मा बस्ती के पते पर संचालित बताई गई थी। जांच में पता चला कि गणपति फार्मा दवा एजेंसी ने चार फर्मों से 1.72 लाख शीशी कफ सिरप खरीद करके सप्लाई की है। इस पर पुलिस में पंकज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
जांच में एजेंसी के पंजीकरण और जीएसटी में लगाए दस्तावेज फर्जी मिले। इसके बाद पुलिस फर्म के संचालक की तलाश में थी। गिरफ्तारी के लिए एसआईटी भी गठित की गई। बस्ती में उसका ठौर ठिकाना कहीं नहीं मिला। जांच में उसके वाराणसी से जुड़े होने की बात सामने आई थी।

पुलिस टीम ने आरोपी को रोडवेज बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पंकज ने आईडी में केवल पता बदलकर गणपति फार्मा के नाम से फर्म का पंजीकरण कराया था। इसके बाद उसी फर्म के जरिये कोडीनयुक्त सिरप का धंधा कर रहा था।