घोड़ासहन, मोतिहारी। नशीले इंजेक्शन की खेप के साथ दो तस्कर अरेस्ट किए हैं। एसएसबी 71वीं बटालियन अठमोहान कैंप और झरौखर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। तस्करों से लाखों के नशीले इंजेक्शन और ई-रिक्शा जब्त की है। यह कार्रवाई अमवा गांव के निकट छापेमारी के दौरान की गई। ई-रिक्शा की तलाशी में पांच कार्टून से ट्रामाडोल 50 एमजी इंजेक्शन के कुल 495 पैकेट बरामद हुए।
प्रत्येक पैकेट में 300 पीस इंजेक्शन थे। इससे कुल 1 लाख 48 हजार 500 नशीली इंजेक्शन जब्त की गईं। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 14 लाख 85 हजार रुपये बताई जा रही है। यह खेप अवैध रूप से नेपाल भेजी जा रही थी। गिरफ्तार तस्करों की पहचान तपस कुमार और गुलशन कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह नशीली दवा नेपाल ले जा रहे थे।
तलाशी के दौरान ई-रिक्शा से एक बिल भी मिला। इस पर घोड़ासहन के राम मेडिकल हॉल एजेंसी का नाम अंकित था। नशीली दवाओं की यह खेप नेपाल के एक तस्कर की बताई जा रही है। वह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त है। जब्त नशीली इंजेक्शन और ई-रिक्शा को झरौखर थाना पुलिस को सौंप दिया है।










