नई दिल्ली। कैंसर और डायबिटीज की दवाएं सस्ती होंगी। इस बारे में आम बजट में ऐलान किया गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में केंद्रीय बजट पेश किया। यह उनका लगातार 9वां केंद्रीय बजट है। बजट के दौरान उन्होंने कहा कि भारत को बायोफार्मा बनाया जाएगा। इसके लिए अगले 10 साल के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा है। साथ ही तीन समर्पित रासायनिक पार्क की स्थापना होगी।

17 कैंसर दवाओं पर लगने वाली बेसिक कस्टम ड्यूटी को पूरी तरह खत्म कर दिया है। इससे जानलेवा बीमारियों का इलाज सस्ता और आसान होगा। साथ ही दुर्लभ बीमारियों के लिए भी आयात शुल्क में बड़ी रियायत दी गई है। यह करोड़ों परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

लाइफ सेविंग ड्रग्स पर यह 5 फीसदी से 10 फीसदी के बीच होती है। इस कस्टम ड्यूटी का 10 फीसदी सोशल वेलफेयर सरचार्ज है। दवाओं पर आमतौर पर 5 या 12 फीसदी जीएसटी भी लगता है। अब कैंसर की 17 दवाओं पर 10 फीसदी वाली ड्यूटी को जीरो कर दिया है। बेसिक कस्टम ड्यूटी कैंसर की 17 दवाओं पर कस्टम ड्यूटी हटने से विदेशी दवाइयों की कीमतें काफी गिर जाएंगी। 7 नई दुर्लभ बीमारियों को भी ड्यूटी फ्री लिस्ट में शामिल किया गया है। इन बीमारियों की दवा मंगाना ज्यादा किफायती होगा।