पुणे (महाराष्ट्र)। ब्लड बैंकों को राज्य रक्त आधान परिषद ने चेतावनी दी है। एसबीटीसी ने कहा कि वे अतिरिक्त रक्त एकत्र करके लाभ के लिए अन्य राज्यों में स्थानांतरित न करें। हाल ही में एसबीटीसी ने राज्य के रक्त केंद्रों के प्रमुखों को दिशा-निर्देशों का पालन करने काे कहा है। शिकायतें मिली थीं कि कुछ केंद्र जानबूझकर आवश्यकता से अधिक रक्त एकत्र कर रहे थे। अतिरिक्त घटक, विशेष रूप से पैक्ड रेड ब्लड सेल्स, राज्य से बाहर भेजे जा रहे थे।

अथवा व्यावसायिक लाभ के लिए प्लाज्मा अंशशोधन कंपनियों को भेजे जा रहे थे। यह नियमों का उल्लंघन था।
सहायक निदेशक डॉ. पुरुषोत्तम पुरी ने कहा कि निर्देशों का उल्लंघन करने वाले केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई होगी। ऐसे केंद्रों के लाइसेंस रद्द करने के लिए औषधि प्रशासन को लिखा जाएगा। कुछ केंद्र अत्यधिक रक्त एकत्र कर उसे राज्य से बाहर भेज रहे हैं। अथवा प्लाज्मा विशोधकों को बेच रहे हैं। इससे मुनाफाखोरी हो रही है।

पुणे जिला रक्त बैंक की प्रमुख डॉ. निशा तेली ने कहा कि निजी रक्त केंद्रों को केवल आवश्यक मात्रा में रक्त एकत्र करने काे कहा है। इस तरह की प्रथा स्वैच्छिक रक्तदान के मूल उद्देश्य को विफल करती है। अतिरिक्त स्टॉक को आसपास के सरकारी रक्त बैंकों के साथ साझा करना चाहिए। महाराष्ट्र में एसबीटीसी के साथ पंजीकृत 373 ब्लड बैंक हैं। इनमें पुणे जिले के 57 सार्वजनिक और निजी केंद्र शामिल हैं।