बलरामपुर (झारखंड)। नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। आबकारी उडऩदस्ता टीम ने 5 तस्करों को पकड़ा है। टीम ने कुख्यात नशीले इंजेक्शन सप्लायर रंजीत विश्वकर्मा सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान लगभग 7.50 लाख रुपए के 1500 नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं।
इससे पहले टीम ने अनूप गुप्ता और विनय गुप्ता को पकड़ा था। उनके कब्जे से 1200 नशीले इंजेक्शन जब्त किए थे। इनकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपए थी। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया था। आरोपी अनूप गुप्ता ने बताया कि वह नशीले इंजेक्शन गढ़वा जिले के रंजीत विश्वकर्मा से खरीदता था। उसके पार्टनर्स मंजूर अंसारी और प्रमोद कुमार सप्लाई का काम करते थे।
इस खुलासे के बाद तीनों आरोपियों के मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया गया। इसके बाद रंजीत विश्वकर्मा, मंजूर अंसारी और प्रमोद कुमार को 1500 नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार कर लिया। जब्त किए इंजेक्शनों की कीमत लगभग 7.50 लाख रुपये आंकी गई है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया और रिमांड पर लिया गया है। रंजीत विश्वकर्मा गढ़वा जिले का सबसे बड़ा नशीले इंजेक्शन सप्लायर माना जाता था।










