बुधनी, सीहोर (मप्र)। सिविल अस्पताल में नवजात देने के बदले पैसों की मांग का मामला सामने आया है। अंतत: 1500 रुपये की वसूली के बाद परिजनों को बच्चा सौंपा गया। आरोप है कि अस्पताल में डिलीवरी के बाद प्रसूति दाइयों द्वारा परिजनों से पैसों की मांग की गई। पीड़ित परिवार का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात दाई ने नवजात शिशु को देने से पहले 4 हजार रुपये मांगे। परिवार ने अपनी आर्थिक मजबूरी बताई। वहीं, पूरी राशि देने में असमर्थता जताई। इस पर दाई ने कथित तौर पर बच्चा देने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि मजबूर गरीब परिवार ने जैसे-तैसे 1500 रुपये की व्यवस्था की। तब जाकर उन्हें उनका नवजात शिशु मिला। आक्रोशित परिवार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी। इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी. बड़ोदिया से बात की गई। उन्होंने मामले की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।










