नई दिल्ली। नकली कैंसर दवाओं को लेकर 25 दवा फर्मों की जांच की गई है। कैंसर मरीजों की सुरक्षा को लेकर दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने शहर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। यह कार्रवाई दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर की गई। इसका मकसद मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना है।

ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट की कई टीमों ने अलग-अलग इलाकों में कैंसर की दवाएं बेचने वाली 25 फर्मों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रमुख अस्पताल क्षेत्रों और दवा बाजारों को कवर किया गया।

55 दवाओं के सैंपल लिए

निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली छह कंपनियां सामने आईं। इन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने कुल 55 दवाओं के सैंपल लिए। इनमें 22 एंटी-कैंसर दवाओं के सैंपल और 33 लीगल सैंपल शामिल हैं।

जांच रिपोर्ट आने पर होगी सख्त कार्रवाई

इन सभी सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा गया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि कैंसर की दवाएं जीवन रक्षक होती हैं। इनकी गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता मरीजों की जान के लिए खतरा बन सकता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के जीवन से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। दवाओं की सप्लाई चेन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अस्पतालों और मेडिकल स्टोर तक केवल सुरक्षित और असरदार दवाएं ही पहुंचने देंगे। आम जनता से भी अपील की है कि वे दवाएं केवल लाइसेंस प्राप्त मेडिकल स्टोर से ही खरीदें।