मुरादनगर (गाजियाबाद) उप्र। नकली हर्बल दवाएं बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। नामी हर्बल कंपनी के नाम से नकली दवाएं बनाकर उन्हें बाजार में बेचा जता था। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपित को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से भारी मात्रा में दवाएं, नकली पैकिंग और अन्य सामग्री बरामद की। कंपनी के अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है।

यह है मामला

आगरा के मेडिकल स्टोर पर हिमालय वैलनेस कंपनी की नकली दवाएं पकड़ी गई थी। इन दवाओं की सप्लाई मुरादनगर की ट्रैडिंग कंपनी से की गई थी। कंपनी के मैनेजर ललित कुमार की शिकायत पर कार्रवाई की गई। औषधि विभाग ने उक्त कंपनी के मालिक मुकेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

आरोपित हिमालय कंपनी व दूसरी प्रसिद्ध ब्रांड की नकली दवाएं तैयार करके बेचते थे। नकली दवा प्रकरण में अभी तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अभी तक सामान की बरामदगी नहीं हुई थी। पुलिस ने छापा मारते हुए दवा बनाने वाले गिरोह तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपित जलालाबाद गांव के जानी सिंह व फरमान और मेरठ के मुज्जमिल है। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 35 हजार नकली गोलियां, 240 रैपरशीट, 450 डिब्बी, तीन हजार ढक्कन, एक कंप्यूटर सिस्टम बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वह लिवर की नकली दवाएं सोनीपत की सुबको लैब से बनवाते हैं। पैकिंग के लिए नकली डिब्बी और ढक्कन मेरठ के लोहियानगर से बनवाते हैं। गोलियों के लिए प्लास्टिक के रैपर मेरठ के खैरनगर में रहने वाला व्यक्ति सप्लाई करता है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।