गोंडा (यूपी)। गैस की दवा रैनिटिडिन हाइड्रोक्लोराइड 150 एमजी गोली जांच में फेल मिली है। संबंधित बैच की गोलियों के वितरण और उपयोग पर रोक लगा दी है। ये दवाएं सरकारी अस्पतालों में आपूर्ति की गई थी। दवा का बचा स्टॉक लौटाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह है मामला
मार्च 2025 में जिले के सरकारी अस्पतालों के लिए करीब 11 हजार गोलियों की सप्लाई हुई थी। यह खेप जिला ड्रग वेयर हाउस से सीएचसी, जिला अस्पताल को भेजी गई थी। जांच में रैनिटिडिन हाइड्रोक्लोराइड 150 एमजी दवा (बैच नंबर-यूटी 2025038) मानक गुणवत्ता पर खरी नहीं उतरी। इसके निर्माता मैक्सकेम फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड रुद्रपुर (उत्तराखंड) हैं।
रिपोर्ट मिलते ही संबंधित बैच की दवा के वितरण पर रोक लगा दी गई है। विभागीय कर्मियों का कहना है कि 11 माह में अधिकांश दवा मरीजों को वितरित हो चुकी है। किसी अस्पताल में यदि स्टॉक शेष है तो उसे वापस करने के निर्देश दिए हैं। वेयर हाउस प्रभारी मनीष उपाध्याय ने शेष दवा की सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।










