सतना (मप्र)। किराना दुकान पर दवाइयों की बिक्री का मामला पकड़ा गया है। खाद्य एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने पशु आहार और कैलाश किराना दुकान पर रेड की। बिना ड्रग लाइसेंस के बेची जा रही दवाएं जब्त की गईं। टीम को 600 ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन के एम्पुल और पशुओं की 18 किस्म की दवाएं मिलीं।
दुकानदारों ने बताया कि इन इंजेक्शनों का उपयोग भैंसों में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए किया जाता था। इस संयुक्त टीम में ड्रग इंस्पेक्टर प्रियंका चौबे, फूड सेफ्टी ऑफिसर अभिषेक बिहारी गौड़, शीतल सिंह और कोलगवां थाना का पुलिस बल शामिल था। ड्रग इंस्पेक्टर ने ऑक्सीटोसिन एम्पुल के संैपल लिए। सभी बरामद दवाओं और सामग्री को जब्त कर लिया है।
संपल को राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। जांच में दोनों प्रतिष्ठानों के पास आवश्यक ड्रग लाइसेंस नहीं मिला।
दूसरी ओर, विभागीय टीम ने नागौद स्थित न्यू गणेश डेयरी एवं प्रेम दूध डेयरी में निरीक्षण किया। यहां खाद्य सामग्री के नमूने लिए। जांच के दौरान न्यू गणेश डेयरी से पनीर के दो नमूने संग्रहित किए गए। प्रेम दूध डेयरी से पनीर, घी, दूध एवं खोवा के सैंपल लिए हैं।










