लोनी, गाजियाबाद (उप्र)। प्राइवेट अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई। इसके चलते परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। अस्पताल में तोडफ़ोड़ की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा कर शांत किया। मामले में चिकित्सक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
यह है मामला
विपुल ने बताया कि उनकी पत्नी रुद्राक्षी गर्भवती थी। उसे प्रसव के लिए इंद्रापुरी कॉलोनी में निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सक ने सबकुछ सही बताते हुए डिलीवरी कराने की बात कही। थोड़ी देर बाद आपरेशन के लिए एक लाख रुपये का खर्च बताया। उन्होंने 50 हजार रुपये जमा कराए। आरोप है कि अप्रशिक्षित चिकित्सक ने पत्नी का आपरेशन किया। आपरेशन के दौरान बच्चे को निकाल लिया गया। महिला को तीव्र रक्तस्राव होता रहा। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते पत्नी की अस्पताल में ही मौत हो गई। स्वजन ने आपरेशन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
आरोप है कि चिकित्सक ने मामला रफादफा करने पर दो लाख रुपये देने की बात कही। इससे स्वजन और नाराज हो गए। गुस्साए लोगों ने अस्पताल में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। एसीपी अंकुर विहार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और लोगों को समझाबुझा कर शांत कराया। अस्पताल के चिकित्सक पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।










