कल्याण (महाराष्ट्र)। उच्च रक्तचाप की नकली दवाओं के रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। मानपाड़ा पुलिस ने दवा टेल्मा एएम की नकली आपूर्ति से जुड़े एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। डोंबिवली और मुंबई से दो दवा वितरकों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं पुलिस टीमें नकली गोलियों के निर्माण के लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने में जुटी हैं।

यह है मामला

आरोपी कथित तौर पर नकली टेल्मा एएम टैबलेट बेच रहे थे। वे ग्लेनमार्क फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड के असली उत्पाद जैसी थीं। कंपनी के प्रतिनिधियों को सूचना मिली कि ठाणे क्षेत्र में उनके ब्रांड नाम से नकली दवाएं बेची जा रही हैं। इसके बाद महाराष्ट्र एफडीए को सूचना दी गई। जांच के दौरान, एफडीए अधिकारियों को जब्त सैंपल में गंभीर विसंगतियां मिलीं।

हालांकि नकली गोलियों में मूल फॉर्मूलेशन के समान तत्व मौजूद थे। उनकी गुणवत्ता और औषधीय प्रभाव संदिग्ध पाए गए। पता चला कि नकली गोलियों को शरीर में घुलने में मानक समय से अधिक समय लगता है। इससे चिकित्सीय प्रभाव में देरी की आशंका बढ़ गई। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी कि इस तरह के विचलन से रक्तचाप नियंत्रण प्रभावित हो सकता है।