मोहाली (पंजाब)। अवैध दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। जीरकपुर में रामगढ़ भूड्डा इलाके के एक मकान में अवैध रूप से दवा फैक्ट्री चल रही थी। एंटी नारकोटिक्स सेल व फूड एंड ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। मौके से भारी मात्रा में स्टेरॉयड, प्रतिबंधित और नशीली दवाइयां जब्त की हैं।
मौके से एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। अब एजेंसियां मास्टरमाइंड और सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जुटी हैं। गिरफ्तार कर्मचारी से गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामला काफी गंभीर है। इस गिरोह से जुड़े पूरे नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद है।
बिना लाइसेंस चल रहा था काला कारोबार

रिहायशी इलाके में किराए के मकान में बिना लाइसेंस दवा फैक्ट्री चलाई जा रही थी। यहां बनाई प्रतिबंधित दवाओं और स्टेरॉयड को ऑनलाइन सप्लाई किया जाता था।
इन बिंदुओं पर हो रही जांंच :
1. इस अवैध कारोबार का मास्टरमाइंड कौन है। मकान किसके नाम पर किराए पर लिया गया था।
2. दवाइयां तैयार करने के लिए कच्चा माल कहां से मंगवाया जाता था।
3. तैयार की गई प्रतिबंधित दवाओं को किन इलाकों में भेजा जाता था।





