देहरादून (उत्तराखंड)। ब्रांडेड के नाम पर नकली दवाएं बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को यह सफलता मिली है। फर्जी दवाएं बनाने और बेचने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 16 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

यह है मामला

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि ब्रांडेड दवा कंपनियों के नकली रैपर, लेबल और क्यूआर कोड बरामद हुए थे। इस मामले में संतोष कुमार को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में सेलाकुई थाना में प्राथमिकी दर्ज है। यह केस एसटीएफ को स्थानांतरित किया गया था। जांच के दौरान गिरफ्तार नवीन बंसल उर्फ अक्षय से पूछताछ की गई। इसमें सामने आया कि उसने नरेश धीमान, लोकेश गुलाटी और मोहतरम अली से नकली दवाइयां खरीदकर बाजार में बेची थीं।

इसके बाद टीम ने रुडक़ी और देवबंद में दबिश दी और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। नरेश धीमान और लोकेश गुलाटी हरिद्वार जिले के रहने वाले हैं। मोहतरम अली देवबंद सहारनपुर का रहने वाला है। लोकेश गुलाटी के खिलाफ नकली दवाओं से संबंधित एक और मामला दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नकली दवाएं बरामद हुई है।