नई दिल्ली। कैमिस्ट से 25 लाख की रिश्वत मांगने पर एनसीबी के दो अधिकारी अरेस्ट किए हैं। यह कार्रवाई सीबीआई ने शाहजहांपुर में की। शाहजहांपुर के एक कैमिस्ट को ड्रग्स के मामले में न फंसाने के बदले 25 लाख की रिश्वत मांगी गई। इस आरोप में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के दो उपनिरीक्षकों को गिरफ्तार किया है।
यह है मामला
जांच एजेंसी ने एनसीबी की दिल्ली क्षेत्रीय इकाई में तैनात उपनिरीक्षक अजीत सिंह मीणा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। शिकायतकर्ता कैमिस्ट शाहजहांपुर में मेडिकल स्टोर चलाता है। उसने आरोप लगाया कि उसे एनसीबी की ओर से नोटिस जारी किया गया था। उसने जरूरी दस्तावेजों के साथ इस नोटिस का जवाब दिया था। इस नोटिस में डाइसाइक्लोमाइन ट्रामाडोल एचसीएल कैप्सूल की खरीद और बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे गए थे। प्राथमिकी के अनुसार, मीणा एक टीम के साथ मेडिकल स्टोर पहुंचा।
सात अक्टूबर को वही नोटिस दोबारा दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पहले ही नोटिस का जवाब दे चुका है। वह संबंधित दस्तावेज जमा करा चुका है। आरोप है कि मीणा ने उसके जवाब को नजरअंदाज कर दिया। मामला दर्ज होने पर कम से कम 10 साल की जेल होने की धमकी दी। उसने शिकायतकर्ता को दिल्ली में एक स्थान पर पेश होने का निर्देश दिया। इसकी जानकारी बाद में देने की बात कही।
इसके बाद मीणा ने वाट्सएप के जरिये शिकायतकर्ता से संपर्क किया। इस मामले में न फंसाने के बदले में 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। कहा गया है कि सीबीआई की गोपनीय जांच में पुष्टि हुई कि मीणा ने कथित तौर पर 25 लाख की रिश्वत मांगी थी। 12 लाख रुपये की पहली किस्त लेने पर सहमति जताई थी। यह रकम दिल्ली में मुनिरका मेट्रो स्टेशन के पास दी जानी थी। इस सूचना के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाया। मीणा और एक अन्य उपनिरीक्षक सुमीत कुमार को आरके पुरम इलाके से गिरफ्तार कर लिया।





