नई दिल्ली: दवा के 240 सैंपल मानक पर खरे नहीं उतरे हैं. केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन जांच शुरू कर रहा है.

जनवरी माह की मासिक रिपोर्ट में दवाओं की गुणवत्ता को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. जांच के दौरान कुल 240 दवाओं के सैंपल मानक से कम गुणवत्ता वाले पाए गए हैं. इनमें से 68 दवाओं को केंद्रीय दवा प्रयोगशालाओं ने एनएसक्यू घोषित किया है. 172 दवाओं को राज्य दवा परीक्षण प्रयोगशालाओं ने एनएसक्यू घोषित किया है. CDSCO हर महीने यह रिपोर्ट अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करता है.

इस जांच में 3 नकली दवाएं भी पकड़ी गई हैं. जो दिल्ली, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल से मिली हैं. ये दवाएं अनधिकृत निर्माताओं द्वारा स्थापित ब्रांड के नाम का दुरुपयोग कर बनाई गई थीं. CDSCO के मुताबिक, इन मामलों की गहन जांच जारी है. दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.