नई दिल्ली। प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री में शामिल रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस इस संबंध में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 18,47,400 टैबलेट जब्त की गई हैं। इनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब नौ करोड़ रुपये कीमत बताई जा रही है। इन दवाओं में ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम, जोलपिडेम, नाइट्रोजेप शामिल हैं।
यह है मामला
क्राइम ब्रांच की टीम ने सरिता विहार इलाके से मोहम्मद आबिद (50 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। तलाशी में आरोपी के पास से 54,000 ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। खुलासा हुआ कि आरोपी मोहम्मद आबिद ने अपने दामाद जावेद खान से माल खरीदा था। इसके बाद जावेद खान को गिरफ्तार किया। उसने बताया कि इसका स्रोत सुनील कुमार है। वह दिल्ली के समालका स्थित प्रल्हाद लॉजिस्टिक्स का मालिक है। फिर पुलिस ने सुनील कुमार को दबोचा और पूछताछ की। उसने अपने आपूर्तिकर्ता विष्णु दत्त शर्मा का नाम लिया।
विष्णु दत्त शर्मा की गिरफ्तारी से विकास सिंह उर्फ ईश्वर यादव और टीसी सेदाना से संबंध होने का खुलासा हुआ। इस खुलासे के बाद क्राइम ब्रांच ने विकास सिंह को भी दबोच लिया। इसने पूछताछ में अपने सहयोगी नौशाद उर्फ बबलू की संलिप्तता का खुलासा किया। पुलिस नौशाद को अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पता चला कि आरोपी विष्णु दत्त शर्मा घरेलू सामान की आड़ में एक कंटेनर में प्रतिबंधित दवाओं के 32 बक्से यूके भेज रहा है। तत्काल सीमा शुल्क अधिकारियों के साथ समन्वय करके कंटेनर को जब्त कर लिया।










