सीतामढ़ी (बिहार)। नशीली टेबलेट-कैप्सूल की तस्करी का मामला पकड़ में आया है। सोनबरसा थाना पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा से सटे कोहबरबा गांव में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित और नशीली दवाएं बरामद की हैं। हालांकि, मुख्य तस्कर पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गया। तस्कर की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

यह है मामला

पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। पुलिस टीम के गांव पहुंचते ही तस्कर भागने में सफल रहा। पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां और कैप्सूल जब्त किए। बरामद दवाओं में नाइट्राज़ेपाम टैबलेट (एएसएएएम) की 6,900 टैबलेट, नाइट्राज़ेपाम टैबलेट (नाइट्राज़ोहम) की 1,200 टैबलेट, स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल के 5 बॉक्स और आई-स्पा-प्रो टैबलेट के 25 बॉक्स शामिल हैं। बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप भी बरामद किया।

इसमें आरजेटी-एससीईएन सिरप, आरएक्सटी-एससीईएन सिरप, विस्कोरेक्स कफ सिरप और आरटी-आरईएक्स कफ सिरप की कुल 1,386 बोतलें जब्त की गईं। सभी नशीली दवाओं को जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार तस्कर की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।