साहिबगंज (झारखंड)। नकली दवा निर्माण कार्य का भंडाफोड़ हुआ है। मौके से करोड़ों रुपये कीमत की दवाएं जब्त की गई है। जिले के महादेवरण गांव में नकली कीटनाशक निर्माण कार्य पकड़ा गया है। शंभु पंडित की पत्नी पुतुल देवी के घर से भारी मात्रा में नकली कीटनाशक से भरा डब्बाव स्टीकर बरामद किए गए।

यह है मामला

इंडोफिल इंडस्ट्रीज के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि उनकी कंपनी द्वारा निर्मित एलेक्टो नामक कीटनाशक की उनके यहां गलत तरीके से पैकिंग की जा रही है। टीम ने मौके पर छापेमारी की। इस दौरान नकली कीटनाशक एलेक्टो का 1610 भरा डब्बा, 25272 पीस स्टीकर, खाली डिब्बा आदि बरामद किया। महिला को पूछताछ के लिए पुलिस ले गई है। इस दवा के एक डिब्बे की कीमत करीब 1350 रुपये बताई गई है। यहां उपलब्ध केमिकल से करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की दवा बनाई जा सकती थी।

सभी सामान को जब्त कर मिर्जा चौकी लाया गया है। महिला ने बताया है कि एक ऑटो चालक ने उसे सारा सामान दिया था। उसे छोटे-छोटे डिब्बे में पैक करने को कहा था। उसे दो रुपया प्रति डिब्बा मिलना था। पहली बार यह काम मिला था। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। नकली दवा के साथ स्टिकर, केमिकल एवं निर्मित दवा भी जब्त की गई है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी. इस दवा का उपयोग फल एवं सब्जी को कीटों से बचाने के लिए किया जाता है।