लखनऊ (यूपी)। फिनाइल और नमक से नकली दवा बना रही अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ है। एसटीएफ ने नकली ऑक्सीटोसिन बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मौके से करीब 2 करोड़ रुपये का माल बरामद हुआ है। जांच में सामने आया है कि आरोपी फिनाइल , नमक और संदिग्ध पाउडर का इस्तेमाल कर नकली ऑक्सीटोसिन तैयार कर रहे थे।
फैक्ट्री से 35 लीटर लिक्विड ऑक्सीटोसिन बरामद
मुखबिर से सूचना के बाद दुबग्गा इलाके में एसटीएफ ने छापेमारी की। इस दौरान मौके से करीब 35 लीटर लिक्विड ऑक्सीटोसिन बरामद हुआ। इसके अलावा 8 हजार खाली बोतलें और 48 हजार ढक्कन भी मिले हैं। टीम को फिनाइल के 5-5 लीटर वाले केन, टाटा नमक के 36 पैकेट और संदिग्ध ऑक्सीटोसिन पाउडर भी मिला है। आशंका है कि आरोपी इन सामग्रियों का इस्तेमाल नकली दवा तैयार करने में कर रहे थे। यूपी एसटीएफ ने मौके से बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ से दूसरे इलाकों में हो रही थी सप्लाई
पता लगाया जा रहा है कि नकली ऑक्सीटोसिन की सप्लाई किन-किन जगहों पर की जा रही थी। एसटीएफ आरोपियों से पूछताछ कर इस कारोबार से जुड़े दूसरे लोगों की जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि नकली दवा कब से तैयार की जा रही थी। इस दवा के कितने खरीदार हैं।
क्या है ऑक्सीटोसिन
ऑक्सीटोसिन एक हार्मोन है। यह शरीर में प्राकृतिक रूप से बनता है। इसे दवा के रूप में इंजेक्शन के जरिए भी दिया जाता है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से प्रसव के दौरान गर्भाशय में संकुचन कराने के लिए किया जाता है। इसके अलावा प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव रोकने के लिए होता है। ऐसे में नकली ऑक्सीटोसिन का इस्तेमाल मरीजों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।





