नई दिल्ली। Cipla Pharma और माक्र्सन्स (Marksans) फार्मा को सरकार ने मॉर्फिन, कोडीन और थेबाइन आयात करने की अनुमति दी है। इसका निर्यात-उन्मुख विनिर्माण के लिए किया जाएगा। वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस रूल्स, 1985′ के तहत अधिसूचना जारी की है। इसके जरिए मुंबई की सिप्ला Cipla Pharma और गोवा की माक्र्सन्स को मॉर्फिन, कोडीन, थेबाइन और उनके लवणों का आयात करने की अनुमति दी गई है।
इनका उपयोग केवल ऐसी दवाओं या फॉर्मूलेशन के निर्माण के लिए किया जा सकता है, जिनका उद्देश्य निर्यात करना है। इन अधिकृत निर्माताओं को उक्त नियमों के नियम 55, 56, 58, 59 और 62 में निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करना होगा। साथ ही अधिसूचना में बताई गई शर्तों को भी पूरा करना होगा। आयातित एल्कलॉइड्स से बनी दवाओं या फॉर्मूलेशन को आयात की तारीख से 180 दिनों के भीतर निर्यात करना अनिवार्य है।
यदि नारकोटिक्स कमिश्नर को आवेदन देकर विस्तार मांगने का कारण और आधार बताया जाए। ऐसे में अधिकतम 30 दिनों का अतिरिक्त समय दिया जा सकता है। हालांकि, विस्तार सहित कुल समय 270 दिनों से अधिक नहीं हो सकता है। निर्यात के लिए आयात किए गए कोई भी एल्कलॉइड्स या तैयार फॉर्मूलेशन, जिनका उपयोग नहीं हो पाता है, उन्हें संबंधित प्राधिकरण को सौंपना होगा।





