वाराणसी (उप्र)। कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी में दो गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने सप्तसागर दवा मंडी के दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। लोहामंडी क्षेत्र से जीआरएस फार्मा के प्रोपराइटर ऋषभ यादव और उर्मिला फार्मा के प्रोपराइटर उमेश यादव को दबोचा। दोनों आरोपी लंबे समय से इस मामले में वांछित चल रहे थे। जांच में सामने आया है कि दोनों कारोबारी 50 हजार के इनामी भगोड़े शुभम जायसवाल के संपर्क में थे। शैली ट्रेडर्स के माध्यम से कागजों पर कफ सिरप की खरीद-फरोख्त करते थे। गिरफ्तार उमेश यादव लोहामंडी का निवासी है। ऋषभ यादव विशेश्वरगंज क्षेत्र का रहने वाला है।
यह है मामला
ड्रग इंस्पेक्टर जुनाब अली ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें ऋषभ यादव, उमेश यादव समेत अन्य को नामजद किया गया था। इसके बाद कोतवाली पुलिस को जांच में कई अहम सुराग मिले। दोनों कारोबारियों की संलिप्तता स्पष्ट हुई। सामने आया कि सप्तसागर दवा मंडी स्थित जीआरएस मेडिकल और उर्मिला फार्मा के जरिए कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त की जा रही थी।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। उधर, हवाला कारोबारी वैभव जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद एसआईटी ने जांच बढ़ा दी है। सराफा और साड़ी कारोबारियों के भी इस नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पश्चिम बंगाल तक हवाला के जरिए रकम के लेनदेन की बात सामने आई है।










