गयाजी (बिहार)। ड्रग विभाग ने पूर्व सांसद के घर पर छापेमारी की है। घर से भारी मात्रा में नकली दवाएं बरामद की गई हैं। पीपरपाती मोहल्ले में ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने रेड की। पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक रंजीत सिंह उर्फ रंग सिंह के आवासीय परिसर में यह छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली दवाएं बरामद हुई है। हालांकि बरामद दवाओं की आधिकारिक संख्या या कीमत सार्वजनिक नहीं की गई है।

संदिग्ध तरीके से दवाओं का निर्माण

टीम ने परिसर को घेरकर जांच शुरू की। भवन के कई कमरों और गोदामनुमा हिस्सों की तलाशी ली गई। परिसर में संदिग्ध तरीके से दवाओं के निर्माण और भंडारण की सूचना मिली थी। सूचना के तहत यह कार्रवाई की गई। स्थानीय लोगों के बीच दिनभर इस छापेमारी को लेकर चर्चा होती रही। बड़ी संख्या में आसपास के लोग मौके पर जुटे रहे। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए परिसर के बाहर बैरिकेडिंग भी की। जिस परिसर में छापेमारी की, उसमें पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग का जिला कार्यालय भी संचालित है।

दवा पैकिंग सामग्री और संदिग्ध दवाएं बरामद

छापेमारी के दौरान कई कार्टून, रैपर, दवा पैकिंग सामग्री और संदिग्ध दवाएं बरामद की गई हैं। सूत्रों के मुताबिक बरामद सामग्री की जांच के बाद कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।