उदयपुर। RNT मेडिकल कॉलेज में दवा घोटाला सामने आया है। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में टेंडर में दवाओं की अप्रूवड रेट कम हैं। ऑर्डर बहुत कम दिए जा रहे हैं। इसके बाद एमआरपी के नाम पर बाजार से महंगी रेट पर दवाएं खरीदी जा रही हैं।

अप्रूवड रेट से हर महीने करीब 10 लाख तक का ऑर्डर मिलता है। एमआरपी के नाम पर हर महीने 80 लाख की खरीद हो रही है। तीन माह के लिए टेंडर को 8 महीने बढ़ाया गया। जहां 45 लाख रुपए की खरीद अधिकतम करनी थी। वहां 3 करोड़ से ज्यादा की खरीद हुई।

ओलापेरिब 150mg की टेंडर में 83 रुपए प्रति टेबलेट रेट अप्रूवड है। महीने में 200 से 300 टेबलेट का ऑर्डर दिया जा रहा है। यही दवा 446.44 रुपए में 2 हजार से ज्यादा का ऑर्डर हो रहा है। Dapagliflozin 10mg की टेंडर में 0.88 रुपए प्रति टेबलेट रेट अप्रूवड है। एमआरपी के नाम पर यही टेबलेट 17 रुपए प्रति टेबलेट हर महीने 50 हजार से ज्यादा खरीदी जा रही है।

Palbociclib 75mg के रेट 78 रुपए अप्रूवड हैं। उनसे करीब 300 टेबलेट लिए जा रहे हैं। एमआरपी के नाम पर यही दवा 2 हजार से ज्यादा हर महीने खरीदी जा रही है। Taurine+Acetylcysteine Tab की अप्रूवड रेट 1.86 रुपए है। उनसे केवल 5 हजार टेबलेट लिए जा रहे हैं। एमआरपी से 5.84 रुपए प्रति टेबलेट 35 से 40 हजार टेबलेट की खरीद हो रही है।