सहारनपुर (उप्र)। नशीली दवा की तस्करी में दवा कारोबारी सहित चार लोग पकड़े गए हैं। यमुनानगर पुलिस ने हरियाणा-यूपी बॉर्डर पर प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी पकड़ी है। मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 3600 नशीले कैप्सूल बरामद किए। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीसरे आरोपी दवा कारोबारी को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी सहारनपुर के दवा कारोबारी से नशीले कैप्सूल लेकर आए थे। आरोपियों को नशीले कैप्सूल यमुनानगर निवासी एक आरोपी देने थे। उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि कलानौर बॉर्डर पर कार सवार सूरजभान उर्फ सूरज और रोहित उर्फ टिड्डा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 3600 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह कैप्सूल सहारनपुर चिलकाना निवासी अनस मलिक से खरीदकर लाए थे। वह चिलकाना में मेडिकल स्टोर चलाता है। पुलिस ने अनस मलिक को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि यह खेप यमुनानगर निवासी सर्वजीत तक पहुंचाई जानी थी। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों ने खुलासा कि वे वेस्ट यूपी के अलावा हरियाण व पंजाब तक नशीली दवाएं सप्लाई करते हैं। लंबे समय से आरोपी यह काम कर रहे थे। इस बार आरोपी हरियाणा पुलिस के हत्थे चढ़ गए। आरोपियों के गिरोह में अन्य लोग भी शामिल होने की आशंका है।