दरभंगा (बिहार)। अवैध नशीली दवा की बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। मौके से 43 बोतल कोडीन कफ सिरप बरामद
की गई है। पुलिस ने नाका नंबर 6 के पास चश्मे की दुकान चलाने वाले व्यक्ति के घर पर छापेमारी की। पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी और कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की है। मौके से गृहस्वामी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ कर पूरे रैकेट का पता लगाया जा रहा है।

चश्मे की दुकान की आड़ में नशीला खेल

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नाका छह के समीप एक घर में प्रतिबंधित कफ सिरप की एक बड़ी खेप आई है। पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन कर चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी की। आरोपी गौरी शंकर चौधरी ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए घर के बाहर वाले कमरे में चश्मे की दुकान खोल रखी थी। इस दुकान की आड़ में वह अंदर से नशीली दवाओं की तस्करी का नेटवर्क चला रहा था।

पुलिस टीम ने जब घर के भीतर सघन तलाशी अभियान चलाया। वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। इस दौरान भारी मात्रा में नकदी और अवैध कफ सिरप बरामद की। कमरों से कुल 24 लाख 97 हजार 600 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके साथ ही कोडीन युक्त कफ सिरप की 43 बोतलें भी बरामद की गई हैं। इनका इस्तेमाल मुख्य रूप से नशे के लिए किया जाता था। इस बड़ी बरामदगी के बाद स्थानीय पुलिस अलर्ट पर है। इस धंधे से जुड़े अन्य सप्लायर्स की पहचान करने में जुट गई है।